हेमंत पांडे बोले-लिपुलेख व्यापार बहाली सीमांत के लिए ‘संजीवनी

*हेमंत पांडे बोले-लिपुलेख व्यापार बहाली सीमांत के लिए ‘संजीवनी’*
*6 साल बाद खुलेगा भारत-चीन व्यापार मार्ग; मोदी, धामी और पिथौरागढ़ के डीएम भटगांई के प्रयासों की सराहना*

*“यह व्यापार सीमांत के लोगों की रोज़ी-रोटी से जुड़ा है” – हेमंत पांडे*

पिथौरागढ़/ मुंबई। मशहूर फिल्म अभिनेता हेमंत पांडे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई (आईएएस) की जमकर सराहना करते हुए लिपुलेख दर्रे से भारत-चीन व्यापार बहाली के फैसले का स्वागत किया है। उन्होंने इसे सीमांत क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

छह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद इस पारंपरिक व्यापार को फिर से शुरू करने की तैयारी ने पिथौरागढ़ समेत सीमावर्ती इलाकों में नई उम्मीद जगा दी है। पांडे ने कहा कि यह केवल व्यापार नहीं, बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका का मुख्य आधार है, जिससे क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने बताया कि व्यापार बहाली से ऊन, जड़ी-बूटी और अन्य स्थानीय उत्पादों को बाजार मिलेगा, जिससे युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे। इससे सीमांत गांवों से हो रहे पलायन पर भी प्रभावी रोक लग सकती है।

अभिनेता पांडे ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की पहल के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन की सक्रिय भूमिका से यह संभव हो पाया है। विशेष रूप से जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई द्वारा सीमांत क्षेत्र के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को उन्होंने सराहनीय बताया।

गौरतलब है कि वर्ष 2020 में कोरोना काल के बाद से यह व्यापार पूरी तरह बंद था। अब आगामी जून से इसके दोबारा शुरू होने की संभावना के साथ सीमांत क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को लेकर सकारात्मक माहौल बन रहा है।

अब नजर इस पर है कि इस पहल का लाभ पिथौरागढ़ के स्थानीय लोगों तक कितनी तेजी से पहुंचता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *