उत्तरकाशी के पवाणी गांव में अग्निकांड से तबाही, 33 मकान राख; 58 परिवार प्रभावित

पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय भी आग की चपेट में आए, 13 मकान सुरक्षित; सीएम धामी ने जताया दुख, प्रभावितों को तत्काल राहत और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश

उत्तरकाशी। जिले की मोरी तहसील के पवाणी गांव में भीषण अग्निकांड से भारी नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आने से गांव के 33 आवासीय मकान पूरी तरह जलकर राख हो गए, जबकि 58 परिवार प्रभावित हुए हैं। हादसे में पंचायत भवन और प्राथमिक विद्यालय को भी नुकसान पहुंचा है। प्रशासन की अद्यतन रिपोर्ट के अनुसार, गांव के 13 मकान सुरक्षित हैं। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी व्यक्ति की मौत या पशुधन के नुकसान की सूचना नहीं है।

उपजिलाधिकारी पुरोला से प्राप्त जानकारी के अनुसार, अग्निकांड में प्रभावित परिवारों के घर और घरेलू सामान जलने से उनके सामने रहने और दैनिक जरूरतों की व्यवस्था करने का संकट खड़ा हो गया है। घटना की सूचना मिलते ही मोरी तहसील की राजस्व टीम, फायर सर्विस, पुलिस और एसडीआरएफ को राहत एवं बचाव कार्यों के लिए मौके पर रवाना किया गया। प्रशासन की ओर से नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

सीएम धामी ने जताया दुख, राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पवाणी गांव में हुए अग्निकांड पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व, स्वास्थ्य और अग्निशमन विभाग की टीमों को आपसी समन्वय से काम करने तथा प्रभावित परिवारों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने को कहा है। उन्होंने प्रशासन को प्रभावितों के लिए भोजन, आवास, चिकित्सा सुविधा और अन्य जरूरी राहत सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

नुकसान का आकलन कर मिलेगी नियमानुसार सहायता

सीएम धामी ने अधिकारियों को अग्निकांड से हुए नुकसान का जल्द आकलन करने और प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य राहत राशि उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता उन्हें तत्काल राहत पहुंचाना और हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना है।

पुनर्वास की चुनौती, प्रभावित परिवारों को मदद का इंतजार

33 मकानों के जलने से प्रभावित परिवारों के सामने अब दोबारा घर बसाने और सामान्य जीवन शुरू करने की चुनौती है। कई परिवारों का घरेलू सामान भी आग में नष्ट हो गया है। ऐसे में तत्काल राहत के साथ प्रभावितों के पुनर्वास और मकानों के पुनर्निर्माण के लिए सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन के सामने अहम जिम्मेदारी होगी।

फिलहाल प्रशासन नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहा है। प्रभावित परिवारों को राहत और पुनर्वास से जुड़ी आगे की कार्रवाई पर नजर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *